रु.27,337 करोड़ के कथित बैंक घोटाले में सीबीआई का बड़ा एक्शन: अनिल अंबानी के एडीएन ग्रुप से जुड़े 15 ठिकानों पर छापेमारी

Follow Us

 नई दिल्ली/मुंबई। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रु.27,337 करोड़ के कथित बैंक ऋण घोटाले की जांच के तहत उद्योगपति अनिल अंबानी के रिलायंस ADA समूह से जुड़े कई ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली और मुंबई समेत करीब 15 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई। यह कार्रवाई विशेष CBI अदालत से जारी सर्च वारंट के आधार पर की गई।

जांच एजेंसी के मुताबिक, मामला रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) और रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं का है। आरोप है कि समूह से जुड़ी 23 संबद्ध कंपनियों के माध्यम से बैंकों से लिए गए ऋण का कथित तौर पर अन्य कंपनियों में फंड डायवर्ट किया गया, जिससे सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों को भारी वित्तीय नुकसान हुआ।

छापेमारी के दौरान RCFL और RHFL के कुछ पूर्व अधिकारियों के परिसरों की भी तलाशी ली गई। CBI का दावा है कि जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। एजेंसी इससे पहले भी इस मामले में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चला चुकी है। जांच के दौरान चार चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं और कई आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।