संसद मार्च से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम; प्रदर्शन को लेकर पुलिस सतर्क

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। 20 जुलाई को प्रस्तावित ‘चलो संसद’ मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के लिए अब तक आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई है और संसद सत्र के दौरान सुरक्षा कारणों से इसकी मंजूरी मिलने की संभावना बेहद कम है।

सूत्रों के अनुसार, संसद की ओर किसी भी अनधिकृत मार्च को बढ़ने नहीं दिया जाएगा। इसके लिए संसद मार्ग, सेंट्रल विस्टा, जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, शंकर चौक और नई दिल्ली के अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है, वाहनों की सघन जांच की जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

इसी बीच, पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को स्वास्थ्य संबंधी कारणों से अस्पताल ले जाने के बाद प्रदर्शनकारियों में नाराजगी बढ़ गई है। हालांकि, आंदोलन से जुड़े नेताओं ने मार्च जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व पुलिस बल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।