नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज का निर्णायक मुकाबला रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मैच पर सभी की नजरें स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर होंगी, जिनके पास एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने का सुनहरा मौका है। यदि कोहली इस मुकाबले में अर्धशतक लगाते हैं, तो वह इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स को पीछे छोड़ देंगे और श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
फिलहाल विराट कोहली और विवियन रिचर्ड्स के नाम इंग्लैंड के खिलाफ 14-14 वनडे अर्धशतक दर्ज हैं, जबकि संगकारा 15 अर्धशतकों के साथ शीर्ष पर हैं। ऐसे में लॉर्ड्स का यह मुकाबला कोहली के लिए ऐतिहासिक साबित हो सकता है। दूसरे वनडे में विराट ने शानदार लय का परिचय देते हुए 66 गेंदों में 65 रन बनाए थे। हालांकि उनकी दमदार पारी के बावजूद भारतीय टीम 233 रन पर सिमट गई और इंग्लैंड ने लक्ष्य 44.1 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। अब सीरीज के निर्णायक मुकाबले में टीम इंडिया को विराट से एक और बड़ी पारी की उम्मीद होगी, जिससे भारत सीरीज जीतने के साथ-साथ कोहली भी अपने नाम एक और बड़ा रिकॉर्ड दर्ज कर सकें।
