रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश में सक्रिय लो प्रेशर सिस्टम के असर से शनिवार को अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी वर्षा हुई। बिलासपुर के बाद बलरामपुर जिले के कुसमी में बीते 24 घंटे के दौरान 28 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे तक प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मूसलाधार वर्षा हो सकती है। शनिवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेंड्रा रोड में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लोगों को घर से निकलते समय छाता या रेनकोट साथ रखने की सलाह दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल और उत्तरी झारखंड के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण तथा दक्षिण ओडिशा के ऊपर सक्रिय सिस्टम के साथ मानसून द्रोणिका के प्रभाव से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। इन मौसमी प्रणालियों के चलते अगले दो दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
