अगर आप ऐसा नाश्ता चाहते हैं जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हो, तो चटपटी मखाना भेल एक बेहतरीन विकल्प है। यह रेसिपी कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आती है। वजन नियंत्रित रखने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी यह एक हेल्दी स्नैक माना जाता है, क्योंकि मखाना लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है।
ऐसे बनाएं मखाना भेल
सबसे पहले एक कड़ाही में थोड़ा-सा घी गर्म करके मखानों को धीमी आंच पर अच्छी तरह कुरकुरा होने तक भून लें। इसके बाद एक बड़े बाउल में बारीक कटा प्याज, टमाटर और अनार के दाने डालें। इसमें भुने हुए मखाने मिलाकर इमली की चटनी, हरी धनिया-पुदीना चटनी और नींबू का रस डालें। फिर स्वादानुसार सेंधा नमक, काला नमक, साधारण नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें। आखिर में ऊपर से थोड़ा-सा सेव डालकर तुरंत परोसें, ताकि मखानों की कुरकुराहट बनी रहे।
मखाना खाने के फायदे
मखाना कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसका नियमित सेवन वजन नियंत्रित रखने, हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने, शरीर को ऊर्जा देने और लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में सहायक माने जाते हैं। वहीं, डायबिटीज के मरीजों के लिए भी मखाना एक हेल्दी स्नैक विकल्प माना जाता है। नियमित मात्रा में इसका सेवन ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने और शरीर की कमजोरी दूर करने में भी लाभदायक हो सकता है।
