मुंबई। कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में आईं टीचर और कंटेंट क्रिएटर साक्षी झा को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार बहस जारी है। इस बीच समय रैना ने एक वीडियो जारी कर लोगों से साक्षी के प्रति संयम बरतने और उन्हें ज्यादा ट्रोल न करने की अपील की है। वीडियो में समय रैना कहते हैं, “इंटरनेट पर इस एपिसोड के सभी रिएक्शन देख रहा हूं। साक्षी झा ‘मैन-हेटर’ को लेकर बहुत मीम्स बन रहे हैं। आप सबसे बस एक रिक्वेस्ट है कि उनके प्रति दयालु रहें। आखिर में यह ‘लेटेंट’ शो है, लोग आते हैं और कुछ भी बोलकर चले जाते हैं। स्टेज पर रहना आसान नहीं होता। मुझे थोड़ा बुरा लग रहा है, आप लोग उन्हें ज्यादा कुछ मत बोलिए।”
दरअसल, शो के तीसरे एपिसोड में साक्षी झा ने खुद को ‘मैन हेटर’ यानी पुरुषों से नफरत करने वाली महिला बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि शादी के बाद वह अपने पति को शराब पीकर बेल्ट से मारना चाहती हैं और उन्हें पुरुषों से नफरत है, जिसमें उनके पिता और भाई भी शामिल हैं। साक्षी के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें भारी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। वहीं, शो के जजों ने भी उनकी परफॉर्मेंस को शून्य अंक दिए। इसी बीच ऐसी खबरें भी सामने आईं कि उन्हें बिहार में अपनी टीचिंग जॉब से सस्पेंड कर दिया गया है, हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
