नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का बहुप्रतीक्षित फाइनल रविवार को स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला सिर्फ विश्व कप ट्रॉफी के लिए नहीं, बल्कि इतिहास रचने का भी मौका होगा। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी लगातार दूसरी बार टीम को चैंपियन बनाकर नया रिकॉर्ड कायम करना चाहेंगे, जबकि स्पेन 16 साल बाद विश्व खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा।
इस बार का फाइनल एक खास वजह से भी चर्चा में है। पहली बार विजेता टीम को ट्रॉफी और गोल्ड मेडल के साथ चैंपियनशिप रिंग (Championship Ring) भी दी जाएगी। अमेरिका की खेल परंपरा से प्रेरित इस नई पहल के तहत कप्तान और मुख्य कोच को मैदान पर ही यह खास अंगूठी पहनाई जाएगी। इसके बाद पूरी विजेता टीम के लिए 30 कस्टमाइज्ड रिंग तैयार की जाएंगी।
फीफा ने कुल 2,026 रिंग बनाने का फैसला किया है, जिनमें से अधिकांश सीमित संख्या में फुटबॉल प्रशंसकों के लिए भी उपलब्ध होंगी। भारत में यह हाई-वोल्टेज मुकाबला रात 12:30 बजे से लाइव देखा जा सकेगा। करोड़ों फुटबॉल फैंस की नजरें अब इस ऐतिहासिक फाइनल पर टिकी हैं कि आखिर ट्रॉफी और पहली Championship Ring किस टीम के नाम होगी।
