छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक अनोखी शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। केंद्रीय जेल सतना में पदस्थ मुस्लिम महिला सहायक जेल अधीक्षक फिरोजा खातून ने पूर्व कैदी धर्मेंद्र सिंह के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर समाज को प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया है। बताया जा रहा है कि, दोनों की मुलाकात जेल में ड्यूटी के दौरान हुई थी। उस समय फिरोजा खातून वारंट शाखा की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, जबकि धर्मेंद्र सिंह जेल में सजा काट रहा था।

धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। 5 मई को लवकुशनगर के एक मैरिज हाउस में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ दोनों की शादी संपन्न हुई। परिवार की नाराजगी के कारण महिला अधिकारी के परिजन समारोह में शामिल नहीं हुए। ऐसे में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आगे आकर कन्यादान की रस्म निभाई। यह विवाह इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि धर्मेंद्र सिंह हत्या के एक पुराने मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। करीब 14 साल जेल में रहने के बाद अच्छे आचरण के आधार पर उसे रिहा किया गया था। इस अनोखे विवाह को लोग गंगा-जमुनी तहजीब और इंसानियत की मिसाल के रूप में देख रहे हैं।
