ब्रेकिंग: लखनऊ कोचिंग सेंटर अग्निकांड: 15 छात्रों की मौत, धुएं और लपटों में बुझ गईं कई जिंदगियां

Follow Us

लखनऊ। राजधानी के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक निजी कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। हादसे में अब तक 15 छात्रों की मौत की जानकारी सामने आई है। आग इतनी भयावह थी कि, कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई।

घटना के समय कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। अचानक लगी आग के बाद वहां भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई छात्रों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, जबकि कुछ छात्रों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ अग्निकांड पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से संपर्क करने, राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन इंतजामों को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं।