कोरिया। जिले के सोनहत क्षेत्र में रेत कारोबार को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद मंगलवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्राम कटगोड़ी के पास हुई सनसनीखेज वारदात में एक भाजपा नेता की जलकर मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी फॉर्च्यूनर को कथित तौर पर एक टिपर वाहन से टक्कर मारकर रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद वाहन में आग लगा दी गई। आग की चपेट में आने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, मृतक और मुख्य आरोपी पक्ष के बीच रेत उत्खनन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना से कुछ घंटे पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झड़प की सूचना भी पुलिस को दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति भी गर्मा गई है। कांग्रेस ने इसे रेत कारोबार से जुड़े बढ़ते अपराधों का परिणाम बताते हुए सरकार पर निशाना साधा है। वहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि, तथ्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
