नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना से जुड़े करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर है। केंद्र सरकार 20 जून 2026 को योजना की 23वीं किस्त जारी करने जा रही है। इस दौरान पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की सहायता राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाएगी।
पीएम किसान योजना के तहत किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि तीन समान किस्तों में 2,000-2,000 रुपये करके सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की जाती है। योजना का उद्देश्य किसानों को खेती-किसानी और कृषि संबंधी जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
हालांकि, 23वीं किस्त का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने योजना से जुड़ी सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली हैं। ई-केवाईसी, आधार सत्यापन और बैंक खाते की सही जानकारी होना अनिवार्य है। यदि किसी लाभार्थी के दस्तावेजों में त्रुटि पाई जाती है या ई-केवाईसी, अधूरी है, तो किस्त की राशि अटक सकती है।
किसान अपनी भुगतान स्थिति और लाभार्थी जानकारी पीएम किसान पोर्टल पर जाकर जांच सकते हैं।
इसके अलावा लाभार्थी सूची में अपना नाम भी ऑनलाइन देखा जा सकता है। इसके लिए राज्य, जिला, तहसील, ब्लॉक और गांव का चयन करना होगा। सरकार की ओर से जारी होने वाली इस किस्त से देशभर के करोड़ों किसानों को फायदा मिलेगा। ऐसे में लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि वे 20 जून से पहले अपने दस्तावेजों और बैंक खाते की जानकारी एक बार जरूर जांच लें।
