लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों में कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर सीटों के तालमेल पर बड़ा प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा है कि यह ऐतिहासिक अवसर है, जब दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उसकी संकीर्ण सोच वाले सहयोगियों को हराकर देश को गलत हाथों में जाने से बचा सकती हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक बयान में उन्होंने बुधवार को सीटों के बंटवारे के बजाय इसे ‘सीट समायोजन’ का नाम देते हुए स्पष्ट किया कि गठबंधन का उद्देश्य सीटों की संख्या तय करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक सीटों पर जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए। अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेतृत्व से कहा है कि दोनों दलों के बीच जिन 26 सीटों पर बातचीत हो चुकी है, उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर सूची भेजी जाए। इसके बाद दोनों दल बैठकर प्रत्येक सीट पर जीत की संभावना और उम्मीदवार की स्थिति का आकलन करेंगे।
उन्होंने कहा कि सपा अपने चुनावी आकलन और गणितीय समीकरणों के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई सीटों के बारे में भी बता सकती है, जिन पर उसने अभी तक विचार नहीं किया है। सपा प्रमुख ने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों का समायोजन इस आधार पर होना चाहिए कि जिन सीटों पर वे चुनाव लड़ें, उनमें जीतने वाली सीटों की संख्या हारने वाली सीटों से अधिक हो। सम्मानजनक समझौते का आधार भी जीत ही होगी, क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाती है।
उन्होंने गठबंधन के प्रत्याशियों को ‘इंडिया गठबंधन’ के उम्मीदवार के बजाय ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करने की पैरवी की। अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस संगठन ने पीडीए के साथ जिस तरह सहयोग किया, वह सराहनीय रहा। दोनों दलों ने मिलकर भाजपा को पराजित किया था और इस बार भी मिलकर उत्तर प्रदेश के साथ केंद्र में भाजपा को हराने का प्रयास करेंगे।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि जमीनी सर्वेक्षणों से यह बात सामने आई है कि शहरों, मोहल्लों, गलियों और गांवों तक यह संदेश पहुंच चुका है कि जो पीड़ित है, वही पीडीए है। उनके मुताबिक प्रदेश के विभिन्न समाजों और वर्गों के पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग भाजपा के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए ही एनडीए को हराएगा और परिवर्तन लाएगा।
सीटों के तालमेल की प्रक्रिया पर अखिलेश ने कहा कि कठिन समीकरण वाली सीटों पर दोनों दल मिलकर कम से कम दो संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार करेंगे। जिस उम्मीदवार की जीत की संभावना अधिक होगी, उसे आपसी सहमति से चुना जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपने के बजाय सहमति से प्रत्याशी तय किए जाने चाहिए। ऐसा होने पर ही दोनों दलों के मतों का एक-दूसरे को हस्तांतरण सुनिश्चित होगा और गठबंधन की जीत का रास्ता मजबूत होगा।
उन्होंने कहा, ”हम नहीं चाहते कि सीटों का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो। हम इसे बंटवारा नहीं, सीट समायोजन कहना चाहते हैं।” उनका कहना था कि दोनों दलों का सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है और इसके लिए नए राजनीतिक हालात तथा समीकरणों के अनुरूप कुछ नेताओं और संभावित उम्मीदवारों को समायोजित करना पड़ सकता है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि कुछ नेताओं से चुनाव लड़ाने का वादा किया गया होगा, लेकिन वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करना पड़ सकता है। जिन नेताओं को मनचाही सीट नहीं मिलती या जिन्हें टिकट नहीं मिल पाता, उन्हें निराश होने के बजाय गठबंधन के बड़े लक्ष्य को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर सभी को सम्मान और उचित स्थान मिलेगा। बड़े नेताओं को भी अपने फैसलों के प्रति जवाबदेह रहना होगा और कार्यकर्ताओं तथा संभावित उम्मीदवारों को अपने नेतृत्व पर विश्वास रखना होगा।
अखिलेश ने गठबंधन की साझा चुनावी तैयारी का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों दलों के संगठन मिलकर 806 सीटों के बराबर तैयारी के साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि देश के किसान, मजदूर, युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी और प्रगतिशील एवं पंथनिरपेक्ष समाज दोनों दलों की ओर उम्मीद से देख रहा है।
उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सीटों की संख्या के बजाय जीत के समीकरण पर विचार करने की अपील करते हुए कहा कि आपसी समझदारी और सूझबूझ से गठबंधन नया इतिहास लिख सकता है। अखिलेश ने कहा कि दोनों दलों का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार बनाना और फिर केंद्र में भी सत्ता हासिल कर देश का भविष्य संवारने में योगदान देना होना चाहिए।
उन्होंने अपने प्रस्ताव का सार देते हुए कहा, ”बात सीट की नहीं, जीत की है।”
