रूआबांधा में नवीन पुलिस चौकी शुरू, पांच वार्डों के लोगों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता

Follow Us

भिलाई। क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण और नागरिकों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भिलाई नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा शुरू कर दी गई है। 24 नवंबर को मुख्यमंत्री ने चौकी का उद्घाटन किया था। इसके बाद 25 नवंबर को पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के साथ यहां नियमित पुलिस कार्य प्रारंभ हो गया।

नई पुलिस चौकी शुरू होने से दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 से 5 तक के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सहायता मिल सकेगी। चौकी के कार्यक्षेत्र में रूआबांधा बस्ती, मायानगर, एचसीएल कॉलोनी, सेक्टर क्षेत्र, एनएसपीसीएल कॉलोनी, तलपुरी ए एवं बी ब्लॉक, मंडी क्षेत्र और नवनिर्माण कॉलोनी सी ब्लॉक को शामिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रूआबांधा क्षेत्र में चोरी, मारपीट, आपसी विवाद, नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं। विशेषकर शनिवार बाजार में भीड़ के दौरान चोरी और विवाद की आशंका बनी रहती है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी और भौगोलिक विस्तार को देखते हुए स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने के लिए यह चौकी स्थापित की गई है। इसके शुरू होने से नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ेगी तथा छोटी घटनाओं और विवादों पर तत्काल कार्रवाई करना आसान होगा। नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के साथ शनिवार बाजार में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

चौकी के शुभारंभ अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पुलिस विभाग की ओर से पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, सीएसपी निशांत पाठक, डीएसपी चंद्रप्रकाश तिवारी, रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा, भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा और चौकी प्रभारी पूर्ण बहादुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, नशे के अवैध कारोबार या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।