ओडिशा से पकड़ा गया आरोपी, 46 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पहले ही हो चुके हैं बरामद
अंबिकापुर। सीतापुर में ज्वेलर्स का करीब एक करोड़ रुपये कीमत का बैग उठाकर फरार होने के मामले में सरगुजा पुलिस ने दूसरे आरोपी को ओडिशा के जाजपुर जिले से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 26 जुलाई 2026 को सीतापुर निवासी अरुणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उनकी हाईस्कूल सीतापुर के पास कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। घटना वाले दिन सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर दुकान खोल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा ज्वेलरी का बैग लेकर फरार हो गया। बैग में सोने-चांदी के आभूषण थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई गई थी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहले आरोपी से 46 लाख के आभूषण बरामद
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर से करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 43 लाख रुपये और करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई, बरामद किए थे। इस तरह कुल करीब 46 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया था।
मामले में आरोपी दास नागेश्वर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
जाजपुर से आरोपी गिरफ्तार
अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को जिला जाजपुर, ओडिशा में आरोपी के होने की जानकारी मिली। टीम ने कार्रवाई करते हुए शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू को पकड़ा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शंकर प्रधान उर्फ बिन्नू पिता काली प्रधान, उम्र 30 वर्ष, निवासी पुरबो कोट, थाना कोरई, जिला जाजपुर, ओडिशा बताया। पूछताछ में उसने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की संलिप्तता सामने आने पर प्रकरण में धारा 111(2) और 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है। पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक रघुनाथ राम भगत, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक मनीष सिंह तथा थाना सीतापुर से प्रधान आरक्षक अखिलेश्वर भगत, आरक्षक मनोहर पैकरा और धनकेश्वर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
