खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, एसडीआरएफ के डीप डाइवर्स ने चलाया सघन अभियान

Follow Us

दुर्ग । रानीतराई थाना क्षेत्र के ग्राम ओदरागहन में खारून नदी में डूबे 38 वर्षीय व्यक्ति का शव एसडीआरएफ की टीम ने सघन रेस्क्यू अभियान चलाकर बरामद कर लिया। नदी में तेज बहाव और अधिक गहराई के बावजूद एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर्स ने काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार 17 सितंबर की रात करीब 8 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि ग्राम ओदरागहन में खारून नदी में एक व्यक्ति डूब गया है। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार रावटे के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीम सुबह करीब 5.30 बजे घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए एसडीआरएफ के एक्सपर्ट डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने पानी में उतरकर सघन तलाशी अभियान चलाया।

कड़ी मशक्कत के बाद दोनों डाइवर्स ने शव का पता लगाकर उसे नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान सुरेंद्र कुमार यादव (38) पिता फिरंका यादव, निवासी ग्राम तर्रा गोंदी, थाना भखारा, जिला धमतरी के रूप में हुई है। शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।