बिलासपुर के शिक्षक कलेश्वर साहू का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज, बनाए 2.70 लाख सीड बॉल

Follow Us

बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयास के चलते जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा में पदस्थ शिक्षक कलेश्वर साहू का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। उन्होंने तीन महीने में 2.70 लाख सीड बॉल तैयार कर यह उपलब्धि हासिल की। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की राज्य प्रभारी सोनल राजेश शर्मा ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में शिक्षक को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किया। उप मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए इस पहल की सराहना की।

शिक्षक कलेश्वर साहू ने स्कूल में अध्यापन के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए अतिरिक्त समय निकालकर यह काम पूरा किया। गर्मी की छुट्टियों और स्कूल के बाद उन्होंने लाखों बीजों को सुरक्षित तरीके से सीड बॉल में तैयार किया, ताकि पौधरोपण और हरियाली को बढ़ावा दिया जा सके। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह उपलब्धि बिलासपुर के साथ पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सरकारी जिम्मेदारियों के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए शिक्षक का प्रयास समाज के अन्य लोगों को भी प्रकृति संरक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकता है।