बिलासपुर। बिलासपुर में बढ़ती चाकूबाजी और आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने बड़ा और सघन अभियान चलाया। शहर के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 85 संदिग्ध और आदतन बदमाशों को हिरासत में लिया। इसके अलावा 56 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और 25 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान सोमवार को पूरे जिले में चलाया गया। पुलिस टीमों ने चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की जांच की। इस दौरान कई स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई।
जांच के बाद पुलिस ने 56 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं 25 व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। अभियान के दौरान चार व्यक्तियों को अवैध धारदार हथियारों के साथ पकड़ा गया। उनके कब्जे से चाकू और अन्य हथियार बरामद किए गए, जिसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के उद्देश्य से चलाया गया था। अभियान के दौरान कई ऐसे लोग भी चिन्हित किए गए।
जो पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और लगातार निगरानी में थे। पुलिस ने सभी बदमाशों और असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट, चाकूबाजी, अवैध हथियार रखने या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर जिला बदर जैसी कार्रवाई भी की जा सकती है। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में अपराध और गुंडागर्दी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि ऐसे अभियानों से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
