बिलासपुर। छत्तीशगढ़ में बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खिलाड़ी बुक पैनल के जरिए सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिविल लाइन पुलिस की रेड कार्रवाई में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करोड़ों के नेटवर्क से जुड़े फरार सटोरियों की तलाश जारी है। पुलिस ने मंगला क्षेत्र में दबिश देकर आरोपियों के कब्जे से 13.48 लाख नगद, 5 मोबाइल फोन, 27 एटीएम कार्ड, एक टाटा कार और स्कूटी जब्त की है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत करीब 22.63 लाख बताई जा रही है।

दरअसल, आरोपी खिलाड़ी बुक नामक ऑनलाइन पैनल के जरिए बड़े स्तर पर सट्टा संचालन कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सट्टे की रकम आगे पहुंचाने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ में कई अहम जानकारी मिलने की संभावना है। मामले में फरार मुख्य आरोपी रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस का कहना है कि, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
