भूमि पेडनेकर ने पुष्कर की आध्यात्मिक यात्रा की साझा, मंदिरों-घाटों के साथ पशु सेवा से भी हुईं भावुक

Follow Us

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर ने हाल ही में राजस्थान के पवित्र शहर पुष्कर की यात्रा की, जिसकी खूबसूरत झलक उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की। अभिनेत्री ने इस यात्रा को आध्यात्मिक, सुकूनभरा और भावनात्मक अनुभव बताया। भूमि ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पुष्कर यात्रा की कई तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए। उन्होंने बताया कि यह शहर इतिहास, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम है। यहां के मंदिरों और पवित्र घाटों पर बिताया गया समय उनके लिए बेहद खास रहा।

पोस्ट के साथ भूमि ने लिखा, “हम सब भगवान ब्रह्मा की सुंदर रचना हैं। पुष्कर घूमते हुए मेरे मन में यही विचार आया। इस शहर में 1100 से अधिक मंदिर हैं और यह भगवान ब्रह्मा का प्रमुख तीर्थ स्थल है। यहां की कहानियों ने मुझे भीतर तक भावुक कर दिया।”

मंदिरों के दर्शन के अलावा भूमि ने एक पशु सेवा संस्था का भी दौरा किया, जहां घायल, बेसहारा और दिव्यांग जानवरों की देखभाल की जाती है। वहां लकवाग्रस्त गायों, पक्षियों, बत्तखों, बंदरों समेत कई जीवों की सेवा देखकर अभिनेत्री भावुक हो गईं।भूमि ने लिखा कि इन बेजुबान जीवों की निस्वार्थ सेवा ने उन्हें यह एहसास कराया कि “सेवा ही पूजा का सबसे सच्चा रूप है।”

अपनी यात्रा के दौरान भूमि ने पुष्कर के स्थानीय खानपान और सांस्कृतिक विविधता की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि यहां पारंपरिक मालपुए का स्वाद जितना खास है, उतना ही आकर्षक यहां मौजूद विभिन्न देशों की संस्कृति से प्रेरित कैफे भी हैं।