रायपुर के राजीव भवन पहुंचे BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला: क्रिकेट के रोमांच के बाद अब ‘सियासी’ पिच पर चर्चा

Follow Us

 रायपुर। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच हुए हाई-वोल्टेज मुकाबले का लुत्फ उठाने के बाद, BCCI उपाध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला गुरुवार को राजनीतिक पिच पर नजर आए। मैच खत्म होने के अगले दिन वे सीधे कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ पहुंचे, जहां उनके आगमन से सियासी हलचल तेज हो गई।

राजीव भवन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान राजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैंदू समेत कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। बैठक में केवल शिष्टाचार मुलाकात ही नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती और छत्तीसगढ़ के वर्तमान राजनीतिक हालातों पर भी गहन चर्चा हुई। शुक्ला से मिलने के लिए कांग्रेस के कई दिग्गज नेता भी मुख्यालय पहुंचे थे।

बता दें कि बुधवार को खेले गए मैच में विराट कोहली के नाबाद 105 रनों के धमाकेदार शतक की बदौलत आरसीबी ने केकेआर को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ बेंगलुरु की टीम अंक तालिका में पहले पायदान पर काबिज हो गई है। क्रिकेट की इस बड़ी जीत के गवाह बनने के बाद राजीव शुक्ला का कांग्रेस दफ्तर पहुंचना चर्चा का विषय बना हुआ है।