मुंबई। अभिनेता अनुपम खेर ने सिनेमा में अपने चार दशक से ज्यादा लंबे सफर के दौरान फिल्मों के साथ थिएटर और स्टेज पर भी काम किया है। अब उनके इसी लंबे योगदान को ओहियो में सम्मान मिला है। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए इस सम्मान के लिए खुशी और आभार जताया। अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि ओहियो राज्य से मिला यह सम्मान उनके लिए खास है। उन्होंने इसे अपने फिल्मी सफर के साथ कोलंबस में हुए लाइव स्टेज शो ‘जाने पहचाने अनजाने’ को मिली सराहना से जोड़ा। अभिनेता ने ओहियो के गवर्नर माइक डिवाइन और लेफ्टिनेंट गवर्नर जिम ट्रेसेल का धन्यवाद भी किया।
अपने संदेश में अनुपम खेर ने भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश से दूर इस तरह का सम्मान मिलना उनके लिए भावुक और यादगार अनुभव है। साथ ही उन्होंने ‘जाने पहचाने अनजाने’ की पूरी कास्ट और क्रू की मेहनत को भी याद किया और सम्मान के लिए ओहियो का शुक्रिया अदा किया।
