दुर्ग। भिलाई के पास उतई इलाके में 30 अप्रैल की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक विजय बघेल भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रही 6 लेन सड़क पर एसएमएस कंपनी में गाड़ी एंट्री ऑपरेटर के रूप में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान हाईवा क्रमांक CG07CD1808 चालक रुपेश ठाकुर के नियंत्रण से बाहर होकर विजय को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विजय के भाई दुर्गेश बघेल ने कहा कि हाईवा तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। मृतक के परिजनों ने उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
