चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में अमोनिया गैस रिसाव की घटना लगातार भयावह होती जा रही है। बुधवार को इलाज के दौरान ओडिशा की एक और महिला मजदूर की मौत हो गई, जिससे इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। यह दुर्घटना 21 जून को पेरियापलायम क्षेत्र स्थित एक सीफूड एक्सपोर्ट कंपनी में हुई थी, जहां कूलिंग सिस्टम की पाइपलाइन से अमोनिया गैस का रिसाव हो गया था। गैस फैलते ही फैक्ट्री में काम कर रहे दर्जनों मजदूर प्रभावित हो गए और कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े।
हादसे के बाद 77 श्रमिकों को चेन्नई और तिरुवल्लूर के विभिन्न सरकारी एवं निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल कई मजदूरों का अब भी आईसीयू में इलाज चल रहा है। राजीव गांधी सरकारी अस्पताल में भर्ती एक महिला की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा दोहरे अंक में पहुंच गया है। अस्पतालों में अब भी कई मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं, जबकि कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और गैस रिसाव के कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
