जासूसी के डर से अलर्ट अमेरिका: ट्रंप डेलीगेशन को दिए गए खास फोन-लैपटॉप

Follow Us

वाशिंगटन। अमेरिका और चीन के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क नजर आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को चीन दौरे के लिए विशेष अस्थायी फोन और लैपटॉप दिए गए हैं, जिनमें कोई निजी डेटा या पुरानी जानकारी मौजूद नहीं है। बताया जा रहा है कि, अमेरिकी अधिकारियों ने साइबर जासूसी और डेटा चोरी की आशंका को देखते हुए अपने निजी डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया है। इन डिवाइस का उपयोग केवल चीन दौरे के दौरान जरूरी बातचीत और आधिकारिक कामकाज के लिए किया जाएगा। यात्रा खत्म होने के बाद सभी डिवाइस या तो पूरी तरह फॉर्मेट कर दिए जाएंगे या नष्ट कर दिए जाएंगे, ताकि किसी संभावित वायरस या डेटा ब्रीच का खतरा न रहे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी एजेंसियों को आशंका है कि, चीन में विदेशी प्रतिनिधियों की डिजिटल गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। इसी वजह से डेलीगेशन को सार्वजनिक यूएसबी पोर्ट और अनजान नेटवर्क से दूर रहने की सलाह भी दी गई है। करीब नौ साल बाद ट्रंप का यह चीन दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरान व्यापार विवाद, ताइवान मुद्दा, ईरान संकट और दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों पर चर्चा हो रही है। बीजिंग में ट्रंप और Xi Jinping के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई, जिसे वैश्विक राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।