नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली। एक दिन पहले भारी तेजी दर्ज होने के बाद अब निवेशकों की मुनाफावसूली और मजबूत अमेरिकी डॉलर के दबाव से कीमती धातुओं के दाम नीचे आ गए हैं। वैश्विक बाजार COMEX में गुरुवार को सोने की कीमत करीब 8.90 डॉलर टूटकर 4,697.80 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं चांदी की कीमत में भी तेज गिरावट दर्ज की गई और यह 87.93 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई। इसका असर घरेलू बाजार और MCX पर भी दिखाई दे रहा है। बुधवार को MCX में सोने की कीमत 1.62 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3 लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी।

हालांकि अगले ही दिन बाजार में बिकवाली बढ़ने से कीमतों में नरमी आ गई। विशेषज्ञों का कहना है कि, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ट्रेजरी यील्ड में बढ़ोतरी और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता के कारण निवेशकों ने मुनाफा बुक करना शुरू किया है। इसके अलावा भारत सरकार द्वारा सोना-चांदी पर आयात शुल्क बढ़ाने से भी बाजार पर दबाव बना हुआ है। जानकारों के मुताबिक अमेरिका-ईरान तनाव, ऊर्जा संकट और बढ़ती महंगाई जैसे वैश्विक कारक आने वाले दिनों में भी कमोडिटी बाजार को प्रभावित करते रहेंगे। ऐसे में सोना-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
