कान्स (फ्रांस)। बॉलीवुड स्टार आलिया भट्ट इन दिनों कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 को अपने व्यक्तिगत फैशन रनवे में बदल रही हैं। 13 मई को भारत पैवेलियन के उद्घाटन समारोह में आलिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय परंपरा को आधुनिक ट्विस्ट देने में माहिर हैं। इस खास मौके के लिए आलिया ने मशहूर भारतीय डिजाइनर तरुण तहिलियानी द्वारा तैयार किया गया एक बेहद खूबसूरत ‘आइवरी साड़ी-गाउन’ चुना, जिसमें “ईस्ट मीट्स वेस्ट” का अद्भुत संगम देखने को मिला। उनके इस ‘देसी ड्रामा’ लुक ने रेड कार्पेट पर मौजूद हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

आलिया का यह आउटफिट सिल्क के कपड़े से बना था, जिसमें पारंपरिक ड्रेपिंग और मॉडर्न स्ट्रक्चर का बेहतरीन तालमेल था। इसमें डीप नेकलाइन वाली फिटेड कॉर्सेट चोली और धोती-स्टाइल स्कर्ट शामिल थी, जो बेहद बोल्ड और एलिगेंट लग रही थी। आउटफिट की सबसे बड़ी खासियत इसकी साड़ी से प्रेरित लंबी ‘ड्रेन’ (Train) थी, जो कंधे पर क्लासिक पल्लू की तरह प्लीटेड थी और चलते समय आलिया के पीछे एक ड्रामैटिक एहसास पैदा कर रही थी। पूरे कपड़े पर बारीक फूलों और मोतियों की कढ़ाई की गई थी, जो लुक में एक सॉफ्ट और रोमांटिक गहराई जोड़ रही थी।

अपने इस ग्लोबल लुक को शुद्ध भारतीय टच देने के लिए आलिया ने एक्सेसरीज के साथ खास प्रयोग किया। उन्होंने पारंपरिक नथ (नोज पिन), भारी झुमके, हाथफूल और ईयर कफ के साथ अपने श्रृंगार को पूरा किया। जहां गहने काफी हैवी और ट्रेडिशनल थे, वहीं आलिया ने अपना मेकअप बेहद ‘सॉफ्ट और मिनिमल’ रखा और बालों को खुला वेवी स्टाइल दिया। भारत पैवेलियन में भारतीय डेलिगेशन के साथ मौजूद आलिया भट्ट ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारतीय कारीगरी और विरासत किसी भी अंतरराष्ट्रीय कॉउचर से कम नहीं है।
