अंबिकापुर में होगा अग्रवाल संगठन का प्रांतीय अधिवेशन, 18 क्षेत्रों की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को मिलेगा अग्र अलंकरण सम्मान

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन का वार्षिक द्वि-दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह-2026 आगामी 19 और 20 सितंबर को अंबिकापुर में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन का संयुक्त आतिथ्य अग्रवाल सभा अंबिकापुर और सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा द्वारा किया जाएगा।

आयोजन में प्रदेशभर से करीब 500 से अधिक प्रतिनिधियों, विभिन्न अग्रवाल सभाओं के पदाधिकारियों, महिला एवं युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों, समाज के वरिष्ठजनों और प्रबुद्ध नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि 19 सितंबर को होने वाला अधिवेशन समाज के लिए एक महत्वपूर्ण विचार मंच होगा। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सेवा कार्य, संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण, युवा नेतृत्व, सामाजिक समरसता और समाज के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही समाजहित में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि सरगुजा क्षेत्र में इस आयोजन से समाज के लोगों के बीच आपसी संबंध और संगठनात्मक एकता को मजबूती मिलेगी।

20 सितंबर को होगा दशम अग्र अलंकरण समारोह
अधिवेशन का मुख्य आकर्षण दशम अग्र अलंकरण समारोह होगा। इसमें छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से 18 अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।

सम्मानित होने वाली विभूतियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर “अग्र भूषण”, “अग्र शिरोमणि” और “अग्र गौरव” जैसी उपाधियों से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक सम्मानित प्रतिभा को 11 हजार रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किया जाएगा।यह सम्मान समाज सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग-व्यापार, प्रशासन, साहित्य, संस्कृति, खेल, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को दिया जाएगा।

समारोह की व्यवस्थाओं के लिए अग्र अलंकरण समिति का गठन किया गया है। इसमें संयोजक ललित अग्रवाल (जगदलपुर) तथा सह-संयोजक पंकज अग्रवाल (रायपुर), विजय गोयल (रायपुर) और वर्षा अग्रवाल (अंबिकापुर) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजकों ने प्रदेशभर के अग्रवाल समाज से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने की अपील की है।