तीन आम्र्स एक्ट और एक सट्टा प्रकरण में कार्रवाई, धारदार चाकू, मोबाइल और नकदी बरामद
रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के मध्य जोन में आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान के तहत बुधवार को कोतवाली डिवीजन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन आम्र्स एक्ट और एक सट्टा प्रकरण में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन धारदार चाकू, एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये नकद बरामद किए।
सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि गांधी नगर कालीबाड़ी क्षेत्र में एक युवक धारदार चाकू लेकर घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रणवीर सेंदरे उर्फ रेमो (19), निवासी गांधी नगर कालीबाड़ी, रायपुर को पकड़ा। उसके कब्जे से 11.5 इंच लंबा धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
इसी तरह गंज थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से परमेश्वर साहू (21), निवासी बरोंडा चौक, महासमुंद और सोमू साहू (19), निवासी भलेसर, जिला महासमुंद को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से क्रमश: 13.6 इंच और 13.5 इंच लंबे चाकू बरामद किए गए। दोनों के खिलाफ धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत पृथक-पृथक प्रकरण दर्ज किया गया।
वहीं मौदहापारा थाना पुलिस ने ललिता चौक के पास सट्टा खेलने-खिलाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए रवि डोरेले (48), निवासी रामकुंड, रायपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन और 1,400 रुपये नकद समेत करीब 6,400 रुपये का मशरूका बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
मध्य जोन पुलिस के अनुसार सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने वालों, सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों तथा पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। चिन्हांकित चाकूबाजों और पुराने बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी लेकर आवश्यकता के अनुसार वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
बुधवार की कार्रवाई में कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ तीन धारदार चाकू, एक मोबाइल फोन और 1,400 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान स्तर पर कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।

