राजस्थान की नदियों में प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, सरकार को लगाई फटकार; अधिकारियों को अवमानना कार्रवाई की चेतावनी

Follow Us

नई दिल्ली। राजस्थान की जोजरी, बांडी और लूनी नदियों में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई है। शुक्रवार को मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने सरकार की कार्रवाई को सुस्त बताते हुए कहा कि अधिकारी इस गंभीर समस्या को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठा रहे हैं। अदालत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और उसके अधिकारी समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। जरूरत पड़ने पर अधिकारियों के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेकर अवमानना की कार्रवाई भी शुरू की जा सकती है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की पीठ इस मामले की सुनवाई कर रही थी। पीठ ने राजस्थान सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू से कहा कि वे सरकार को समझाएं कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि जमीन पर उतरकर काम करें। अदालत ने स्पष्ट किया कि लालफीताशाही और नौकरशाही की अड़चनों के कारण नदियों के प्रदूषण से जुड़ा मामला आगे नहीं रुकना चाहिए। पीठ ने कहा कि यदि सकारात्मक कार्रवाई और ठोस कार्ययोजना सामने नहीं आती है तो अधिकारियों के साथ पूरी सरकार को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

दरअसल, यह मामला मुख्य रूप से जोजरी नदी में प्रदूषण से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान अदालत ने बांडी और लूनी नदियों की स्थिति पर भी चिंता जताई। जोजरी नदी जोधपुर से होकर गुजरती है, जबकि बांडी नदी पाली और लूनी नदी बालोतरा क्षेत्र से होकर बहती है। बालोतरा के पास बांडी और जोजरी नदियां लूनी नदी में मिलती हैं। इन नदियों में प्रदूषण का असर आसपास के क्षेत्रों और वहां रहने वाले लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि 26 अक्टूबर को दिए गए आदेश के तहत नदी तंत्र के किनारे या आसपास नए औद्योगिक प्रतिष्ठानों की स्थापना पर रोक लगाई गई है। यह रोक तब तक जारी रहेगी, जब तक हाई फ्लड लाइन और बफर जोन का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारण नहीं हो जाता। इसके अलावा, लूनी, जोजरी और बांडी नदियों तथा उनकी सहायक नदियों को प्रभावित करने वाली संगठित अवैध बजरी खनन गतिविधियों की जांच के लिए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। अदालत को बताया गया कि जांच के बाद कुछ प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने बालोतरा में पेयजल संकट पर भी गंभीर चिंता जताई। पीठ ने सवाल किया कि सरकार क्षेत्र के लाखों लोगों तक पीने का पानी पहुंचाने के लिए पाइपलाइन क्यों नहीं बिछा सकती। अदालत ने नर्मदा नहर से करीब 100 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया। पीठ ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इस दिशा में काम करें तो स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट इस मामले में पहले भी कई अहम निर्देश दे चुका है। पिछले साल नवंबर में प्रदूषण के कारणों का पता लगाने और सुधारात्मक उपायों की निगरानी के लिए उच्चस्तरीय इकोसिस्टम ओवरसाइट कमेटी गठित की गई थी। इसके बाद अगस्त में राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एकीकृत समन्वय समूह (आईसीजी) बनाने का निर्देश दिया गया था, ताकि तीनों नदियों के प्रदूषण को रोकने के लिए समन्वित और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जा सके। अब इस मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी।