छूटे हुए एवं नए युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु चलेगा विशेष अभियान

Follow Us

बीएलओ करेंगे घर-घर सर्वे, मतदाता सूची में नाम जोडऩे के लिए फॉर्म-6 के माध्यम से होगा पंजीयन

बीजापुर। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 89 बीजापुर में छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के पंजीयन हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विश्वदीप के निर्देशानुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छूटे हुए पात्र नागरिकों के साथ-साथ ऐसे युवा एवं पहली बार पात्र बने मतदाताओं के नाम जोडऩे की प्रक्रिया को सुगम बनाना है, जिनके नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं।

यह कार्य बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर भ्रमण कर मतदाता सूची के निरंतर अद्यतनीकरण की प्रक्रिया के अंतर्गत किया जाएगा। नागरिकों की सक्रिय सहभागिता और सहयोग से यह सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा समस्त पात्र नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना पंजीयन विधिवत सुनिश्चित करें।

ऑनलाइन आवेदन की भी सुविधा
मतदाता सूची में अपना पंजीयन कराने के लिए ईसीआई नेट मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 में ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।