मुंगेली विवाद का शांतिपूर्ण पटाक्षेप! प्रशासन और संगठनों के बीच बनी सहमति, खत्म हुआ तनाव

Follow Us

मुंगेली। कलेक्टर कार्यालय से जुड़ा विवाद अब पूरी तरह शांत हो गया है। बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा में रहा यह मामला आखिरकार 26 अप्रैल 2026 को आयोजित शांतिवार्ता बैठक के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन, जोहार पार्टी और छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के बीच हुई बातचीत में आपसी सहमति बन गई। एसडीएम कार्यालय में हुई इस बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। चर्चा के दौरान 24 अप्रैल को कलेक्टर कार्यालय परिसर में हुई घटना की विस्तार से समीक्षा की गई।

दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी बात रखी और अंततः भविष्य में विवादों को संवाद के माध्यम से सुलझाने पर सहमति बनी। यह विवाद उस समय शुरू हुआ था जब कुछ लोग कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे थे। सोशल मीडिया पर आरोप लगाए गए कि, आवेदन को लेकर गलत व्यवहार हुआ, जिससे मामला तेजी से तूल पकड़ गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए।

हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि, नियमों के अनुसार आवेदन स्वीकार किया गया था, लेकिन बिना अनुमति परिसर में हंगामा और नारेबाजी की गई, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ। बाद में इस मामले में थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। शांतिवार्ता के बाद अब दोनों पक्षों ने माना कि, किसी भी विवाद का समाधान बातचीत से ही संभव है। इस सहमति के बाद मुंगेली में माहौल पूरी तरह सामान्य हो गया है और प्रशासन तथा संगठनों के बीच संवाद की नई शुरुआत मानी जा रही है।