सूरजपुर। जिले के चांदनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 33 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय संजय जायसवाल के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि जिस टावर पर शव मिला, वह उसके घर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
इस घटना ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले ही संजय की पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह अस्पताल से घर लौट रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से उनकी जान चली गई थी। पत्नी की मौत के बाद परिवार अभी इस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब संजय की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
इस घटना का सबसे दुखद पहलू यह है कि संजय और उनकी पत्नी की मौत के बाद उनके दो मासूम बच्चे माता-पिता के स्नेह से वंचित हो गए हैं। एक महीने के भीतर परिवार में हुई दो मौतों से परिजनों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।
पटवारियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल पर हुई कार्रवाई,बस्तर में 99 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस
आत्महत्या या मौत की कोई दूसरी वजह, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल संजय की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पत्नी की मौत के बाद वह मानसिक रूप से परेशान था या इस घटना के पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। सूचना मिलने पर चांदनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
