*लालपुर ब्रिज चौक क्षेत्र में जाम की समस्या के समाधान हेतु महत्वपूर्ण निर्णय, क्षेत्रवासियों एवं आम नागरिकों को मिलेगी जाम से राहत*
रायपुर। एसीपी ट्रैफिक सतीश ठाकुर एवं थाना प्रभारी पचपेड़ी नाका द्वारा देवपुरी स्थित फ्रूट मार्केट के अध्यक्ष सचिन चौधरी, सचिव व प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर लालपुर ब्रिज चौक से फ्रूट मार्केट तक यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में फ्रूट मार्केट से लालपुर ब्रिज चौक तक लगने वाले यातायात जाम को कम करने के लिए आवश्यक उपायों पर सहमति बनी, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं सुरक्षित हो सके। पीक आवर्स में मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं निकासी पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक एवं शाम 5:00 बजे से 8:00 बजे तक फ्रूट मार्केट में मालवाहक वाहनों का प्रवेश एवं निर्गमन नहीं किया जाएगा, ताकि पीक समय में यातायात बाधित न हो।
इस व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से लालपुर, अमलीडीह एवं देवपुरी क्षेत्र के रहवासियों, व्यापारियों तथा आम नागरिकों को यातायात जाम से राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा।
