मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड को लेकर एक महिला डेंटिस्ट के सोशल मीडिया पोस्ट ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। आरोप है कि डॉ. मुस्कान सोनी ने इस संवेदनशील मामले पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए हंसते हुए मजाक उड़ाया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
वायरल पोस्ट में कथित तौर पर उन्होंने घटना को लेकर विवादित बयान दिया, जिसे कई लोगों ने असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना बताया। मामला बढ़ने के बाद ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने कड़ा रुख अपनाते हुए डॉ. मुस्कान सोनी को 5 साल के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया। एसोसिएशन के आदेश के अनुसार, अब वह अगले पांच वर्षों तक किसी भी आधिकारिक पद, सदस्यता, चुनाव या संगठन की गतिविधियों में भाग नहीं ले सकेंगी। संगठन ने इस व्यवहार को अनुशासनहीनता मानते हुए इसे पेशेवर नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के खिलाफ बताया।
इस कार्रवाई के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि, उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और वे अपने बयान पर खेद व्यक्त करती हैं। हालांकि, इस पूरे मामले ने सोशल मीडिया पर डॉक्टरों की जिम्मेदारी और सार्वजनिक संवेदनशीलता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। लोग इसे पेशेवर आचरण से जुड़ा गंभीर मुद्दा बता रहे हैं और सख्त कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं।
