गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दसपुर बांध के पास एक 37 वर्षीय युवक की करंट लगने और आग की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक यशवंत ध्रुव दसपुर गांव का निवासी था और रोज़ की तरह जंगल से तेंदूपत्ता इकट्ठा कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में बिजली के खंभे से टूटकर लटक रहा 11 केवी का तार सड़क के बेहद करीब आ गया था। जैसे ही यशवंत की बाइक वहां से गुज़री, वह तार उसकी गर्दन और शरीर के संपर्क में आ गया।
अचानक तेज करंट फैलने से चिंगारियां उठीं और कुछ ही सेकंड में आग भड़क उठी। बाइक समेत युवक आग की लपटों में घिर गया और उसे बचने का कोई मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पूरी बाइक जलकर खाक हो गई और यशवंत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। फिलहाल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस हादसे के पीछे लापरवाही किसकी थी,बिजली विभाग या अन्य कोई जिम्मेदार।
