धमतरी में 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत, शरीर पर मिले चोट के निशान; पति से पूछताछ कर रही पुलिस

Follow Us

धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कोटाभर्रीडीह) में 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में महिला के पति पर संदेह जताए जाने के बाद उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका सत्याबाई कमार (34 वर्ष) के पति राजकुमार कमार ने बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकडऩे के लिए लगाए गए जाल को देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर उसने पत्नी को घर की परछी में गंभीर रूप से घायल अवस्था में छटपटाते हुए देखा। महिला के माथे, ठुड्डी, पैर और भुजा में चोट के निशान थे। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलने पर राजकुमार ने गांव के सत्यवान ध्रुव को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। सूचना पर केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रार्थी सत्यवान ध्रुव एवं ग्राम कोटवार की उपस्थिति में शव पंचनामा की कार्रवाई कर धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया गया।

छत्तीसगढ़ मदरसा बोर्ड की अवसर परीक्षाएं 14 दिसंबर से, समय-सारिणी जारी

पुलिस के मुताबिक, महिला की मौत से जुड़ी परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पति पर संदेह के आधार पर उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मृत्यु का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।