रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का प्रभाव समाप्त होने के साथ ही प्रदेश के उत्तरी हिस्से में ठंड ने फिर दस्तक दी है, जबकि दक्षिणी हिस्से में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज आगामी पांच दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होने तथा मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई है।
प्रदेश में पिछले तीन दिनों के दौरान अंबिकापुर के न्यूनतम तापमान में 7.8 डिग्री, पेंड्रारोड में पांच डिग्री और बिलासपुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इसके विपरीत जगदलपुर में इसी अवधि में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। अंबिकापुर और जगदलपुर के न्यूनतम तापमान में अब 8.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर है। राजधानी रायपुर में बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक, जबकि दिन का तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा।
प्रदेश के कई शहरों में रात का तापमान अब भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। वहीं, रायपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री और माना में 2.3 डिग्री अधिक रहा। बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री और दुर्ग में 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दुर्ग में 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। प्रदेश में अगले दो दिनों के बाद भी मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। विभाग ने बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
