वारसॉ। पोलैंड के उप राष्ट्रीय रक्षा मंत्री सेज़री टोमज़िक ने कहा है कि उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) यूक्रेनी हवाई क्षेत्र में रूसी मिसाइलों को मार गिराने के प्रस्ताव का समर्थन नहीं करता है। टोमजिक ने मीडिया को यह जानकारी दी है। उन्होंने जोर देकर कहा, “नाटो इसके बिल्कुल पक्ष में नहीं है। इससे कई तरह की जटिलताएं पैदा हो जाएंगी।”
टोमज़िक ने बताया कि हालांकि नाटो देशों ने महीनों पहले इस तरह की कार्रवाई की संभावना पर चर्चा की थी, लेकिन कोई फैसला नहीं लिया गया। उन्होंने आगे कहा कि ऐसा कदम उठाने के लिए गठबंधन के सभी सदस्यों की सहमति जरूरी होगी। इससे पहले, ब्लूमबर्ग ने बताया था कि पोलैंड ने अपने नाटो सहयोगियों से यूक्रेन के ऊपर से गुजरने वाली उन रूसी मिसाइलों को मार गिराने की संभावना के बारे में पूछा था, जो कथित तौर पर पोलैंड की सीमा की ओर आती हैं। टोमज़िक ने यह बताने से इनकार कर दिया कि क्या यह बात सच है।
