संविधान दिवस पर पीएम मोदी का लेख, युवाओं से की खास अपील; इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

Follow Us

नई दिल्ली। देशभर में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इसी अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लेख के जरिए भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक और आर्थिक न्याय तथा देश के विकास में संविधान की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने संविधान को नागरिकों के अधिकारों और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बताते हुए युवाओं से इसे समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही आपातकाल और संविधान में किए गए संशोधनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

प्रधानमंत्री मोदी ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मार्गदर्शन करता रहेगा। उन्होंने बताया कि संविधान बनाते समय भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यता के मूल्यों को भी ध्यान में रखा गया था। सरकार ने कुछ वर्ष पहले 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया, ताकि खासकर युवाओं में संविधान के प्रति जागरूकता और एकता की भावना मजबूत हो।

पीएम मोदी ने संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय का आधार बताते हुए कहा कि यह प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए लिखा कि साधारण परिवार में जन्म लेने और सीमित संसाधनों के बावजूद देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर मिलना संविधान की ताकत को दर्शाता है। उनके मुताबिक, संविधान के कारण किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं।

प्रधानमंत्री ने युवाओं से संविधान के 38वें और 39वें संशोधनों को पढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें पता चलेगा कि सत्ता के लालच में संविधान के साथ किस तरह के बदलाव किए जा सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल कर चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाया। इसके अलावा उन्होंने अनुच्छेद 370 और 35ए का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके कारण सात दशकों से अधिक समय तक जम्मू-कश्मीर में संविधान पूरी तरह लागू नहीं हो पाया और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए।