काहिरा। मिस्र की राजधानी काहिरा के बाहरी इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गीजा के अल-वर्राक इलाके में पेट्रोलियम उत्पादों से भरा एक टैंकर रिंग रोड पर पलट गया, जिसके बाद भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास से गुजर रहे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हुए हैं। आग में कार और मोटरसाइकिल समेत कुल 27 वाहन जलकर खाक हो गए।
मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, हादसा ग्रेटर काहिरा को जोड़ने वाले प्रमुख रिंग रोड पर एक सुरंग के ऊपर हुआ। टैंकर पलटने के बाद उसमें मौजूद पेट्रोलियम उत्पादों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। कई गाड़ियों में सवार लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। घटनास्थल पर पहुंचे बचावकर्मियों ने जलती हुई कारों से लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।
स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत और बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस तैनात की गई थीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है। प्रशासन ने हादसे में हुए नुकसान और हताहतों की संख्या का आकलन शुरू कर दिया है। जिन मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, उनके डीएनए नमूने लेने के निर्देश दिए गए हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
