जगदलपुर में सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों का विशेष ऑडिट अभियान शुरू

Follow Us

जगदलपुर। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम जगदलपुर ने शहर के सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्थाओं की जांच के लिए विशेष ऑडिट अभियान शुरू किया है। 19 नवंबर से प्रारंभ हुआ यह अभियान 27 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत शौचालयों की कार्यशीलता, सुलभता, स्वच्छता, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के आधार पर जांच की जा रही है।

ऑडिट में कुल 80 अंकों के आधार पर पांच प्रमुख श्रेणियों के 16 मापदंडों पर मूल्यांकन किया जाएगा। कार्यशीलता के तहत पर्याप्त वेंटिलेशन, सभी कक्षों में पानी की आपूर्ति, कुंडी-बोल्ट और वॉश बेसिन में पानी व साबुन की उपलब्धता देखी जाएगी। सुलभता के अंतर्गत पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग प्रवेश द्वार, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, आसान पहुंच और संकेतकों की व्यवस्था जांची जाएगी। स्वच्छता के तहत शौचालय सीटों की सफाई, कूड़ेदान की उपलब्धता और नल व अन्य फिटिंग में रिसाव की स्थिति का आकलन होगा।

पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था के तहत सेप्टिक टैंक, सोकपिट या सीवर नेटवर्क से जुड़ाव, सैनिटरी नैपकिन के सुरक्षित निपटान और पानी की बचत करने वाली फिटिंग्स की जांच की जाएगी। वहीं सुरक्षा के अंतर्गत शौचालय परिसर के अंदर और बाहर पर्याप्त रोशनी, केयरटेकर की उपलब्धता तथा नागरिकों की शिकायत और फीडबैक दर्ज करने की व्यवस्था देखी जाएगी। प्रत्येक मापदंड को संतोषजनक (4 से 5 अंक), आंशिक रूप से संतोषजनक (2 से 3 अंक) और असंतोषजनक (0 से 1 अंक) के आधार पर आंका जाएगा। साथ ही आवश्यक सुधार के सुझाव भी दर्ज किए जाएंगे।

निर्धारित ऑडिट सूची के अनुसार शहर के मंगल भवन, लालबाग, शहीद पार्क, इंदिरा स्टेडियम, शंकर नगर आमागुड़ा और गुरु घासीदास सामुदायिक शौचालयों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके अलावा लालबाग मैदान, एयरपोर्ट, नया बस स्टैंड-1, नया बस स्टैंड महिला शौचालय, नया बस स्टैंड-2, टाउन हॉल, संजय बाजार सब्जी मार्केट, संजय बाजार मटन मार्केट, सिरहासार चौक, महारानी अस्पताल, दलपत सागर और गोल बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालयों का भी ऑडिट किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शहर के सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का आकलन कर जरूरी सुधार सुनिश्चित करना है।