केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के गांव पहुंचे CM विष्णुदेव साय, 465 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

Follow Us

मुंगेली। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के गृहग्राम डिंडौरी में शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुंचे। आजादी के बाद पहली बार किसी मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक सुआ नृत्य और रामधुन के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मुंगेली जिले को 465 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देते हुए विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान ग्राम कंतेली में नवीन महाविद्यालय का शुभारंभ भी किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री तोखन साहू अपने छात्र जीवन को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि बचपन में वे डिंडौरी से पैदल चलकर कंतेली पढ़ने जाते थे। अब इसी क्षेत्र में महाविद्यालय शुरू होने से आसपास के ग्रामीण विद्यार्थियों और विशेषकर बेटियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

तोखन साहू ने अपने पुराने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने की जानकारी भी दी। इसके लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। स्कूल में डिजिटल कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालाएं और खेलकूद की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। डिंडौरी पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने तोखन साहू के पिता स्वर्गीय बलदाऊ साहू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद परिवार की वरिष्ठ सदस्य रामबाई से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र में शिक्षा और विकास सुविधाओं के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा।