कोरिया। सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र कुमार दुग्गा ने पटना और बैकुंठपुर तहसील कार्यालयों का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करने और किसानों व आम नागरिकों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर रोक्तिमा यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
संभागायुक्त ने धान खरीदी से जुड़े राजस्व कार्यों में तेजी लाने, जाति, निवास और आय प्रमाण पत्र समय पर जारी करने तथा राजस्व अभिलेखों की नकल उपलब्ध कराने में देरी नहीं करने को कहा। इसके अलावा बंटांकन और सीमांकन के लंबित मामलों को भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरतने और पात्र प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। संभागायुक्त ने कहा कि राजस्व कार्यालयों की कार्यप्रणाली पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए, ताकि लोगों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
