अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए राज्य सरकार ने डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया है। अब किसान ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। सरगुजा जिले के मानिकप्रकाशपुर निवासी किसान धनसुख तिर्की ने इस सुविधा का लाभ उठाते हुए 23 क्विंटल धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त किया है। वे 15 नवंबर को खैरबार धान उपार्जन केंद्र में अपनी उपज बेचेंगे।
घर बैठे मिला 23 क्विंटल धान बिक्री का टोकन
किसान धनसुख तिर्की ने बताया कि इस साल उनके खेतों में धान की अच्छी पैदावार हुई है। उन्होंने मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से 23 क्विंटल धान बिक्री का टोकन प्राप्त कर लिया। अब उन्हें टोकन के लिए समिति के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसान चाहें तो मोबाइल ऐप के अलावा समिति में पहुंचकर भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
खैरबार समिति में 644 किसान पंजीकृत
खैरबार धान उपार्जन केंद्र से 15 ग्राम पंचायतों के कुल 644 किसान जुड़े हुए हैं। इनमें मानिकप्रकाशपुर, श्रीगढ़, नवागढ़, खैरबार, रामनगर, सोनपुर, मायापुर, मणिपुर और लक्ष्मीपुर सहित अन्य गांव शामिल हैं। केंद्र में धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाने, पेयजल और किसानों के बैठने के लिए छायादार शेड की व्यवस्था की गई है।
धान की राशि से खेती और परिवार की जरूरतें हुईं पूरी
धनसुख तिर्की ने बताया कि पिछले साल उन्होंने 23 क्विंटल धान बेचा था। इसके लिए उन्हें 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से राशि मिली थी। इस पैसे से उन्होंने खेती-किसानी के काम पूरे किए और परिवार की जरूरतों पर खर्च किया। उन्होंने किसानों के लिए डिजिटल टोकन सुविधा और बेहतर खरीदी व्यवस्था शुरू करने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत सरगुजा जिले के 61 धान उपार्जन केंद्रों में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होगी। जिले में कुल 62,471 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 67,929.40 हेक्टेयर है। डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों को समय और श्रम की बचत के साथ धान बिक्री में भी सहूलियत मिलेगी।
