वैशाली। बिहार के वैशाली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना में सास, बहू और एक पोते की मौत हो गई, जबकि पोती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जमीन बेचने को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना के पीछे जमीन बेचने को लेकर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि परिवार का बेटा राहुल लगातार जमीन बेच रहा था। आरोप है कि गुरुवार को भी वह जमीन बेचने के बाद घर से फरार हो गया। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। इसके बाद परिवार के चार सदस्यों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने की घटना सामने आई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। तीन लोगों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल जहरीला पदार्थ खाने के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
