प्रधानमंत्री ने बेंगलुरु मेट्रो की ‘पिंक लाइन’ का किया उद्घाटन, मुख्यमंत्री के साथ की यात्रा

Follow Us

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेंगलुरु मेट्रो की ‘पिंक लाइन’ के 7.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड खंड का उद्घाटन किया। इसके साथ ही बेंगलुरु का परिचालन मेट्रो नेटवर्क बढ़कर 103.6 किलोमीटर हो गया है, जिससे यह दिल्ली के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला शहर बन गया है। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कर्नाटक की राज्यपाल डॉ. सुधा यादव, मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा, बेंगलुरु दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ तवरेकेरे से आईआईएमबी स्टेशन तक नव-उद्घाटित मेट्रो खंड पर यात्रा की।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों ने ट्रेन में सवार होने से पहले स्वयं मेट्रो टिकट खरीदे। यात्रा के दौरान मेट्रो अधिकारियों ने प्रधानमंत्री को इस मार्ग, इसके बुनियादी ढांचे और परिचालन विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। इससे पहले हरी झंडी दिखाने के औपचारिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री को अपने साथ शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। कालेना अग्रहारा, तवरेकेरे और अन्य स्टेशनों को जोड़ने वाला यह खंड शनिवार सुबह छह बजे से आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। शुरुआत में मेट्रो सेवा इसी नव-उद्घाटित खंड पर संचालित होगी। इसके खुलने के साथ ही बेंगलुरु मेट्रो नेटवर्क ने 100 किलोमीटर का आंकड़ा पार कर लिया है।

मैट हेनरी का कहर, न्यूजीलैंड ने भारत पर 244 रनों से बड़ी जीत दर्ज की

पूरी तरह से चालू होने पर पिंक लाइन 21.2 किलोमीटर लंबी होगी और यह दक्षिण में कालेना अग्रहारा को उत्तर में नागवारा से जोड़ेगी। तवरेकेरे और नागवारा के बीच शेष 13.7 किलोमीटर भूमिगत खंड का निर्माण अगले चरण में पूरा होने की उम्मीद है। इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार ने नव-उद्घाटित पिंक लाइन के तीन स्टेशनों के नाम बदलने के कर्नाटक सरकार के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। इसकी स्थानीय निवासियों ने मांग की थी।

बेंगलुरु में बढ़ते यातायात जाम की समस्या के बीच यह विस्तार दक्षिण बेंगलुरु के यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक महत्वपूर्ण अतिरिक्त विकल्प प्रदान करेगा। अगले डेढ़ वर्ष में अपने मेट्रो नेटवर्क को लगभग 170 किलोमीटर तक विस्तारित करने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत हवाई अड्डे को जोड़ने वाली ‘ब्लू लाइन’ पर भी तेजी से काम चल रहा है। यह उद्घाटन कार्यक्रम मेट्रो परियोजनाओं के वित्तपोषण और क्रियान्वयन को लेकर राज्य और केंद्र सरकार के बीच चल रहे मतभेदों की पृष्ठभूमि में हुआ है, हालांकि इस दौरान राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की उपस्थिति में आधिकारिक प्रोटोकॉल का पूरा पालन देखा गया।

किसानों की समस्याओं और राजस्व अधिकारियों की मांगों को लेकर अरुण वोरा ने दिया कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ को समर्थन

देश में मेट्रो कनेक्टिविटी के विस्तार के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2014 में पांच शहरों में 248 किलोमीटर से बढ़कर अब 26 शहरों में मेट्रो नेटवर्क लगभग 1,200 किलोमीटर तक पहुंच गया है। प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक लोग मेट्रो से यात्रा करते हैं, जिससे आवागमन के समय में कमी आई है और रोजगार तथा अन्य अवसरों तक पहुंच बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी कर्नाटक के एक दिवसीय दौरे पर हैं, जिसके तहत बेंगलुरु और मैसूरु में उनके कई कार्यक्रम निर्धारित हैं। इस यात्रा के दौरान वह 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।