रायपुर। छत्तीसगढ़ अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, लोककलाओं और ऐतिहासिक विरासत के लिए देशभर में विशेष पहचान रखता है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश की जनजातीय विरासत के संरक्षण, संवर्धन और जनजातीय समाज के योगदान को सम्मान देने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति केवल ऐतिहासिक धरोहर नहीं, बल्कि प्रदेश की सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान का आधार है।
15 नवंबर को मनाया जाएगा जनजातीय गौरव दिवस
हर साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। यह दिन स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज उठाकर जनजातीय समाज को अपने अधिकारों और अस्तित्व की रक्षा के लिए संगठित किया था। छत्तीसगढ़ की धरती भी जनजातीय वीरों के साहस और बलिदान की गवाह रही है। शहीद वीर नारायण सिंह और भूमकाल विद्रोह के महानायक वीर गुंडाधुर ने अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष कर प्रदेश के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान बनाया है।
बस्तर से सरगुजा तक समृद्ध जनजातीय परंपराएं
प्रदेश के बस्तर, सरगुजा, जशपुर, कांकेर, नारायणपुर, दंतेवाड़ा और बीजापुर जैसे जनजातीय अंचल अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रसिद्ध हैं। गोंड, मुरिया, माड़िया, हल्बा, उरांव, कंवर, बैगा और पहाड़ी कोरवा सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों ने अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को पीढ़ियों से सुरक्षित रखा है। बस्तर दशहरा, गोंचा पर्व और मड़ई मेले प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता के प्रमुख उदाहरण हैं। वहीं गौर नृत्य, करमा, सैला और सुआ जैसे पारंपरिक लोकनृत्य जनजातीय समाज की जीवनशैली और प्रकृति के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाते हैं।
जनजातीय कला और हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ की जनजातीय कला और हस्तशिल्प की देशभर में अलग पहचान है। बस्तर की ढोकरा कला, लौह शिल्प, काष्ठ शिल्प, बांस शिल्प और पारंपरिक आभूषण जनजातीय कलाकारों की रचनात्मकता को प्रदर्शित करते हैं। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि इन कलाओं का संरक्षण केवल सांस्कृतिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इससे जनजातीय कलाकारों और शिल्पकारों के लिए सम्मानजनक आजीविका के अवसर भी बढ़ेंगे। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय कलाकारों को प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलें।
जनजातीय पर्यटन से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
छत्तीसगढ़ के जनजातीय अंचलों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। बस्तर के चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी, दंतेवाड़ा की धार्मिक विरासत, सरगुजा के मैनपाट और जशपुर के प्राकृतिक पर्यटन स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। पर्यटन विभाग की प्राथमिकता स्थानीय समुदायों की भागीदारी से पर्यटन को बढ़ावा देना है। इसके तहत ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय गाइड, पारंपरिक व्यंजन, हस्तशिल्प और होम स्टे जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे जनजातीय क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मंत्री ने कहा कि पर्यटन का विकास इस तरह होना चाहिए कि स्थानीय परंपराओं, धार्मिक आस्था और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे। पर्यटन से होने वाले आर्थिक लाभ में स्थानीय समुदायों की भी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संस्कृति संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। संस्कृति विभाग के माध्यम से पारंपरिक नृत्य, संगीत, लोककलाओं, सांस्कृतिक आयोजनों और ऐतिहासिक धरोहरों को बढ़ावा दिया जा रहा है। मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की आस्था, परंपराओं और धार्मिक स्थलों का सम्मान करना जरूरी है। बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी सहित विभिन्न लोकदेवताओं और पारंपरिक आराधना स्थलों से जुड़ी विरासत को सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है।
नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास से जोड़ने की जरूरत
मंत्री ने जनजातीय इतिहास, लोकगाथाओं, पारंपरिक ज्ञान और लोकभाषाओं के दस्तावेजीकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, संग्रहालयों और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को जनजातीय नायकों के संघर्ष और परंपराओं से परिचित कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की सीख दी है। आज पर्यावरण संरक्षण के दौर में उनका पारंपरिक ज्ञान पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर सहित सभी ज्ञात-अज्ञात जनजातीय महानायकों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से छत्तीसगढ़ की जनजातीय विरासत, संस्कृति और अस्मिता को सुरक्षित रखने तथा जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
