साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

o बैंक ऑफ बड़ौदा के खातों से देशभर में ठगी की रकम का होता था लेन-देन, 11 राज्यों से जुड़ीं 11 शिकायतें

कांकेर। साइबर ठगी के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो युवकों को कांकेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के बैंक ऑफ बड़ौदा स्थित खातों का इस्तेमाल देश के विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम को जमा करने और दूसरे खातों में स्थानांतरित करने के लिए किया जा रहा था। पुलिस जांच में इन खातों का संबंध देश के 11 स्थानों से प्राप्त साइबर शिकायतों से सामने आया है। इन शिकायतों में करीब 3 करोड़ 37 लाख 50 हजार रुपए की ठगी का उल्लेख है। वहीं, संबंधित बैंक खातों में 67 हजार 850 रुपए की राशि होल्ड कराई गई है।

छठ पर्व पर भाटापारा रेलवे स्टेशन में सुरक्षा बढ़ी, RPF का सघन चेकिंग अभियान जारी

पुलिस के अनुसार, भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर साइबर सेल कांकेर से मिले पत्र के बाद थाना भानुप्रतापपुर पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के संबंधित खातों की जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया कि इन खातों का उपयोग साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने और उसे अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया गया था। पुलिस ने इन खातों को लेयर-01 म्यूल बैंक खाते के रूप में चिह्नित किया। बिहार, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों से संबंधित कुल 11 साइबर शिकायतों में इन खातों का नाम सामने आया। प्रथम दृष्टया जांच में खाताधारकों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मुझे जबरन भाजपाई बताया, मैं हूं पक्का कांग्रेसी- रामबिलास

पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन एवं एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जांच के बाद अखिलेश्वर जैन (25), निवासी उत्तामारा और सतीश कुमार उसेंडी (26), निवासी जैपरा, दोनों थाना दुर्गूकोंदल क्षेत्र को गिरफ्तार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) एवं 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है।