बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार, कश्मीर में होगी भारी बारिश

Follow Us

नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बन रहा एक मौसमी तंत्र 15 नवंबर तक गहरे निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है। इसके कारण अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर में व्यापक बारिश होने और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में मौसम के मिजाज में बदलाव आने के आसार हैं। इसके विपरीत आईएमडी द्वारा शुक्रवार सुबह जारी बुलेटिन’ के अनुसार, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 19 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इससे देश भर में मौसम की स्थितियों में बड़ा अंतर देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि मध्य अंडमान सागर और उससे सटे अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बने एक चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 13 नवंबर को सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक ‘लो-प्रेशर एरिया’ (निम्न दबाव क्षेत्र) बना है। इस तंत्र के उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ने 14 नवंबर के आसपास एक स्पष्ट ‘लो-प्रेशर एरिया’ में तब्दील होने और 15 नवंबर के आसपास एक ‘डिप्रेशन’ में विकसित होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा, “इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और उसी क्षेत्र में 14 नवंबर के आसपास एक स्पष्ट ‘लो-प्रेशर एरिया’ तथा 15 नवंबर के आसपास एक कम दबाव के क्षेत्र में बदलने के आसार हैं।”

एशियन पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित, 82 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

इस मौसमी स्थिति के कारण 13 से 19 नवंबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में काफी व्यापक बारिश हो सकती है। विशेष रूप से 13 से 16 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। इन चार दिनों के दौरान बिजली कड़कने और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है, जो झोंकों के रूप में 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। जैसे-जैसे यह तंत्र मज़बूत होगा, समुद्री हालात काफी खराब होने की आशंका है। तेरह-चौदह नवंबर के दौरान अंडमान सागर में और 13-16 नवंबर के दौरान दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज़ हवाएं चलने का अनुमान है, जो झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। 15-17 नवंबर के दौरान दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में और 16-17 नवंबर के दौरान मध्य बंगाल की खाड़ी में हवा की गति बढ़कर 45-55 किमी प्रति घंटे हो सकती है, जो झोंकों के साथ 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

विभाग ने चेतावनी दी और कहा, ” मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे इन इलाकों में न जाएं।” आईएमडी ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और तेज़ हवाओं से खड़ी फसलों, बागवानी के पौधों और कमज़ोर ढांचों को नुकसान पहुंच सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़, संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने, तथा सड़क और हेलीकॉप्टर सेवाओं में रुकावट आने के आसार हैं। इस बीच, कश्मीर और उसके आस-पास के इलाकों में बने एक पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर-पश्चिम भारत में भी मौसम के मिज़ाज में बदलाव देखने को मिल सकता है। समुद्र तल से लगभग 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में मौजूद यह तंत्र , जो मध्य-क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के बीच एक ‘ट्रफ’ (गर्त) से जुड़ा है, 15 नवंबर तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।

आईसीसी ने 2032-35 चक्र के लिए शेड्यूल किया तैयार

इसके प्रभाव से 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में काफी व्यापक से लेकर व्यापक बारिश होने का अनुमान है, जिसके बाद 14 और 15 नवंबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। तेरह-14 नवंबर के दौरान इस क्षेत्र में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जो झोंकों के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके अलावा, 13 और 14 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अनुमान है। पंजाब में 13 नवंबर को कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जिसके बाद 14 नवंबर से मौसम शुष्क हो जाएगा। पश्चिमी राजस्थान में 14-15 नवंबर के दौरान कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। साथ ही, 14 नवंबर को कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक तेज हवाएं चलने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार हालांकि, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली पर बारिश का असर पड़ने के आसार नहीं है और 13 से 19 नवंबर तक इस पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहेगा।

इस दौरान पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश के ताजा आंकड़ों से पता चलता है कि पश्चिमी विक्षोभ ने हिमालयी क्षेत्र के मौसम को पहले ही प्रभावित कर दिया है। 12 नवंबर की सुबह 8:30 बजे से 13 नवंबर की सुबह 5:30 बजे के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ज्यादातर इलाकों में बारिश दर्ज की गई। कुपवाड़ा में तीन सेमी बारिश हुई, जबकि श्रीनगर और पहलगाम में 2-2 सेमी बारिश दर्ज की गई। बनिहाल, बटोत, भद्रवाह, काजीगुंड और कोकरनाग में 1-1 सेमी बारिश हुई। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में दो सेमी बारिश हुई, जबकि केरल के तिरुवनंतपुरम में एक सेमी बारिश दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आई है।

डेविड वॉनर्र ने कमिंस के डिफेंस की आलोचना की

छत्तीसगढ़ के कई इलाकों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में 12 नवंबर को न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कर्नाटक के ज्यादातर हिस्सों और रायलसीमा तथा तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों में तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। पूर्वी मध्य प्रदेश और तटीय कर्नाटक के कुछ इलाकों के साथ-साथ अन्य जगहों के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया। हिमाचल प्रदेश के मंडी में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस बुलेटिन में बताया गया सबसे कम तापमान है। वहीं 12 नवंबर को गुजरात के राजकोट में सबसे अधिक तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके अलावा आईएमडी ने 15 से 17 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में, तथा 16 से 19 नवंबर के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान जताया है। दक्षिण भारत में 15 नवंबर को तमिलनाडु और पुडुचेरी में, तथा 16 से 19 नवंबर के बीच केरल में काफी व्यापक बारिश होने का अनुमान है। लक्षद्वीप में पूरे हफ्ते रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में 14 नवंबर से कहीं-कहीं बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने उन इलाकों के लिए विशेष कृषि सलाह जारी की है, जहां अच्छी बारिश होने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर के किसानों को सलाह दी गई है कि वे पक चुकी बासमती धान की फसल की जल्द से जल्द कटाई कर लें और कटी हुई फसल को सुरक्षित जगहों पर ले जाएं या तिरपाल से ढककर सुरक्षित रखें।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नहाय-खाय पर प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, छठी मईया से सुख-समृद्धि की कामना की

उन्हें यह भी सलाह दी गई है कि भारी बारिश के दौरान गेहूं, सरसों, जई और मटर की बुवाई न करें, और जिन खेतों में पहले ही बुवाई हो चुकी है, वहां पानी की निकासी का उचित प्रबंध रखें। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में किसानों से कहा गया है कि वे धान के खेतों, और नारियल, सुपारी व काली मिर्च के बागानों से अतिरिक्त पानी निकाल दें। साथ ही, बारिश के इस दौर में सिंचाई करने और खाद डालने का काम टाल दें। पशुपालकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जानवरों और जमा किए गए चारे को खराब मौसम से बचाएं।

वहीं, मछुआरों को चेतावनी दी गई है कि वे अपने मछली पकड़ने के उपकरणों को सुरक्षित रखें और खतरनाक समुद्री इलाकों में जाने से बचें। आईएमडी ने बताया है कि उनके दैनिक पूर्वानुमान और चेतावनी संबंधित दिन सुबह 8:30 बजे से लेकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेंगे। मौसम के बदलते पैटर्न को देखते हुए बंगाल की खाड़ी और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र फिलहाल मौसम के लिहाज से चिंता का केंद्र बने हुए हैं। दक्षिण-पूर्व में एक संभावित कम दबाव का क्षेत्र के कारण भारी बारिश और खतरनाक समुद्री हालात पैदा हो सकते हैं, जबकि पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तरी पहाड़ी इलाकों में बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के लिए पूर्वानुमान के अनुसार 19 नवंबर तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने के आसार हैं।