बालिकाओं को अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति किया जा रहा जागरूक
बीजापुर। कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के मार्गदर्शन में जिले में बाल अधिकार सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के स्कूलों, आश्रम-छात्रावासों, पोटाकेबिन एवं ग्राम पंचायतों में बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में ‘परिवार में बेटियों के अधिकार, ‘मेरे सपनों का भविष्य एवं ‘मैं भविष्य में क्या बनना चाहती हूं जैसे विषयों पर चर्चा कर बालिकाओं में आत्मविश्वास, आत्मसम्मान एवं लक्ष्य निर्धारण की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम द्वारा बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, पॉक्सो अधिनियम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, शिक्षा के अधिकार, लैंगिक समानता एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जा रही है। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
कबीरधाम पुलिस ने चार स्थायी गिरफ्तारी वारंट किए तामील, वारंटियों को न्यायालय में किया पेश
किशोरी बालिकाओं को एनीमिया से बचाव, आयरन युक्त पौष्टिक आहार एवं खान-पान में विविधता के महत्व से भी अवगत कराया जा रहा है। कार्यक्रम में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक अपने सपने साझा करते हुए डॉक्टर, शिक्षिका, पुलिस अधिकारी एवं कलेक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बालिकाओं के अधिकारों की सुरक्षा, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से यह जागरूकता अभियान पूरे माह जिले के स्कूलों, आश्रम-छात्रावासों, पोटाकेबिन एवं ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा।
